हजारीबाग

पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव पत्नी निर्मला देवी के साथ गिरफ्तार, NTPC के खिलाफ कर रहे थे प्रदर्शन

योगेन्द्र साव

Hazaribagh : झारखंड की सियासत में गुरुवार दोपहर उस वक्त हलचल तेज हो गई जब पूर्व मंत्री योगेन्द्र साव और उनकी पत्नी पूर्व विधायक निर्मला देवी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की गिरफ्तारी 19 फरवरी को दोपहर करीब तीन बजे हुई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

धरना स्थल से ही हुई कार्रवाई

मिली जानकारी के मुताबिक, योगेन्द्र साव पिछले साल 31 दिसंबर से एनटीपीसी के चट्टी बरियातू कोल माइंस में अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे थे। गुरुवार को जैसे ही वे धरना स्थल पर पहुंचे, पुलिस टीम वहां पहुंची और उन्हें हिरासत में ले लिया। बताया जा रहा है कि बड़कागांव, केरेडारी और पगार ओपी समेत कई थानों में उनके खिलाफ पहले से मामले दर्ज हैं। इन्हीं मामलों के आधार पर पुलिस ने यह कार्रवाई की है।

कई थानों में दर्ज हैं मामले

सूत्रों के अनुसार, पूर्व मंत्री पर अलग-अलग मामलों में प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस का कहना है कि लंबे समय से दर्ज मामलों में कार्रवाई की प्रक्रिया चल रही थी। गुरुवार को मौका मिलते ही गिरफ्तारी की गई। निर्मला देवी को भी इसी क्रम में हिरासत में लिया गया। दोनों को थाने ले जाकर कागजी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।

दिल्ली दौरे के बाद लौटे थे

गिरफ्तारी से ठीक पहले योगेन्द्र साव अपनी बेटी और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के साथ दिल्ली गए थे। वहां उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात की थी। दिल्ली से लौटने के बाद वे सीधे चट्टी बरियातू स्थित धरना स्थल पहुंचे थे। माना जा रहा है कि इसी दौरान पुलिस ने पहले से तैयारी कर रखी थी और मौके पर पहुंचकर कार्रवाई कर दी।

गिरफ्तारी के बाद सियासी तापमान बढ़ा

दोनों नेताओं की गिरफ्तारी के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। समर्थकों में नाराजगी है तो विपक्षी दल इसे कानून के तहत की गई कार्रवाई बता रहे हैं। अब सबकी नजर इस बात पर है कि आगे कानूनी प्रक्रिया किस दिशा में जाती है और क्या इस गिरफ्तारी का असर इलाके की राजनीति पर पड़ेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *