पलामू

झामुमो, कांग्रेस और राजद इस राज्य को विनाश की ओर ले जा रहे : रघुवर दास

पलामू, 19 फ़रवरी । झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बुधवार से पलामू दौरे पर हैं। मेदिनीनगर में भाजपा समर्थित महापौर प्रत्याशी अरुणा शंकर के पक्ष में जनसभा की। वोटरों को गोलबंद करने के लिए सरकार और प्रशासन पर निशाना साधा।

गुरुवार दोपहर मेदिनीनगर में पत्रकारों से बात करते हुए रघुवर दास ने कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमाे) और कांग्रेस पार्टी एक समुदाय का वोट लेने के लिए एड़ी चोटी एक कर रखी हैं। एक दूसरे से लड़ रहे हैं। राज्य के लिए तीन तिगाड़ा काम बिगाड़ वाली कहावत चरितार्थ कर रहे हैं। झामुमो, कांग्रेस और राजद इस राज्य को विनाश की ओर ले जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि 3 वर्ष से नगर निकाय चुनाव नहीं हुए, जिससे इस राज्य को 5100 करोड़ का नुकसान हुआ है। केंद्र सरकार शहरी क्षेत्र में विकास के लिए प्रत्येक वर्ष 1700 करोड देता है। निकाय चुनाव नहीं होने के कारण यह राशि झारखंड को नहीं मिल पाई।

पिछले 6 वर्षों के दौरान झारखंड में कोई कार्य नहीं हुआ इसीलिए सरकार हार के डर से निकाय चुनाव से भाग रही थी। उच्च न्यायालय के हस्तक्षेप से चुनाव हुआ है। भारतीय जनता पार्टी के आंदोलन का भी असर रहा।

उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे राज्य में व्यापारियों से रंगदारी मांगी जा रही है। किसान, युवा, महिलाएं सभी इस सरकार से त्रस्त हैं। 18 से 50 वर्ष की सभी महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना देने की घोषणा करने वाली सरकार अब शर्तों के साथ लाभ दे रही है। इस उम्र की महिलाओं की संख्या 70 लाख है, लेकिन अधिकतर महिलाओं को लाभ से वंचित कर दिया गया है। ऐसी महिलाएं प्रखंड और अंचल का चक्कर लगा रही हैं।

उन्होंने कहा कि मेदिनीनगर में मतदाताओं को डराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रशासन किसी राजनीतिक दल का एजेंट ना बने, इस पर हमारा संगठन निगाह रखे हुए हैं। प्रशासन संवैधानिक तरीके से अपनी जिम्मेदारी को निभाए। अगर कोई गड़बड़ी या किसी दल से प्रभावित होकर कोई कार्य करते हैं और दोषी चाहे आइएएस, आईपीएस अधिकारी हो या अन्य पदाधिकारी उनके खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

दास ने कहा कि झारखंड सरकार में हर स्तर पर भ्रष्टाचार फैला हुआ है। बिना पैसे के कोई काम नहीं होता। सरकार समय पर नियुक्ति परीक्षा नहीं ले रही है। अगर नियुक्ति भी हो रही है तो उसमें भ्रष्टाचार हो रहा है और पैसे लिए जा रहे हैं। छात्रों को एडमिट कार्ड तक नहीं मिलता है। तो कभी प्रश्न पत्र ही लीक हो जाता है। आदिवासी, दलित, पिछड़ा सब इस सरकार से त्रस्त हैं। ऋण माफी की घोषणा करने के बाद भी किसानों को कोई लाभ नहीं मिल पाया है। व्यापारियों से रंगदारी मांगे जाने के कारण पलायन की स्थिति बनी हुई है।

उन्होंने मेदिनीनगर की पूर्व महापौर अरुणा शंकर के कार्यकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि जमशेदपुर में रहते हुए उन्होंने ऐसा कार्य नहीं किया जो अरुणा शंकर ने अपने कार्यकाल में करके दिखाया है। कोयल रिवर फ्रंट की खूबसूरती देखते बनती है। उनके अन्य कार्य भी काफी सराहनीय है। उन्हें इसका प्रतिफल मिलेगा। झारखंड में तीसरी सरकार बनाने में भारतीय जनता पार्टी सफल होगी। अपने समर्थित उम्मीदवार की जीत सुनिश्चित करने के लिए पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता पूरे मुस्तैदी के साथ लगा हुआ है।

मौके पर पलामू के सांसद विष्णु दयाल राम, डालटनगंज विधायक आलोक चौरसिया, पूर्व मंत्री और नगर निगम चुनाव प्रभारी भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री मनोज सिंह, जिला अध्यक्ष अमित तिवारी, मेयर प्रत्याशी अरूणा शंकर, मीना गुप्ता, शिव मिश्रा, अविनाश वर्मा, किशोर पांडे, जदयू के जिला अध्यक्ष मनोज कुमार दुबे सहित अन्य पार्टी नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद थे।

जय श्री और मीना गुप्ता ने दिया अरुणा शंकर को समर्थन

मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में महापौर पद पर किस्मत आजमा रही जय श्री और मीना गुप्ता ने भारतीय जनता पार्टी के समर्थित उम्मीदवार अरुण शंकर को अपना समर्थन दे दिया है। चैनपुर और मेदिनीनगर में आयोजित कार्यक्रम में दोनों प्रत्याशियों ने अपना समर्थन देने की घोषणा की। कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुए। उन्होंने दोनों उम्मीदवारों के फैसले का स्वागत किया।

बताते चलें की जय श्री गुप्ता और मीना गुप्ता भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता हैं और बागी होकर मेयर पद के लिए चुनाव लड़ रहे थे। रघुवर दास मेदिनीनगर आगमन के बाद बुधवार रात मेयर प्रत्याशी जय श्री गुप्ता के घर पहुंचे और अपनी गाड़ी में साथ लेकर सभा में पहुंचे और यहां उन्होंने समर्थन की घोषणा करवाई। इसी तरह गुरुवार को चैनपुर बाजार में एक जनसभा के दौरान मीना गुप्ता ने अरुणा शंकर को मंच से समर्थन की घोषणा की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *