गुमला

स्कूल जा रहे बच्चों से भरा ऑटो पलटा, 9 वर्षीय छात्रा की मौत, एक गंभीर घायल

सड़क हादसा

गुमला : झारखंड के गुमला जिला में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 वर्षीय छात्रा की मौत हो गई, जबकि एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। यह हादसा बसिया थाना क्षेत्र के महाराजगंज के पास उस समय हुआ, जब स्कूल जा रहे बच्चों से भरा ऑटो अनियंत्रित होकर पलट गया।

स्कूल जाते समय हुआ हादसा

मिली जानकारी के अनुसार, गंगड़ा गांव निवासी अजय गोप की बेटी आकांक्षा कुमारी अन्य बच्चों के साथ ऑटो से मदर अमृता पब्लिक स्कूल जा रही थी। इसी दौरान अचानक चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और ऑटो सड़क किनारे पलट गया। हादसे में ऑटो के नीचे दबने से आकांक्षा कुमारी और 8 वर्षीय अलमा केरकेट्टा गंभीर रूप से घायल हो गईं।

अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों बच्चियों को रेफरल अस्पताल बसिया ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आकांक्षा कुमारी को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल अलमा केरकेट्टा की हालत नाजुक देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च केंद्र रेफर किया गया। आकांक्षा तीसरी कक्षा की छात्रा थी और पढ़ाई में मेधावी मानी जाती थी।

परिवार और गांव में शोक की लहर

हादसे की खबर मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए। मासूम बेटी की मौत से परिवार सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण परिजनों को सांत्वना दे रहे हैं।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। झारखंड पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ऑटो के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने चालक की जिम्मेदारी तय करने और आवश्यक कानूनी कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *