रांची

बोर्ड एग्जाम: ट्रैफिक जाम से राहत के लिए पुलिस की सख्त व्यवस्था

बोर्ड

Ranchi : रांची में जैक बोर्ड एग्जाम के दौरान किसी भी छात्र को सड़क जाम की वजह से परीक्षा केंद्र पहुंचने में दिक्कत न हो, इसके लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने विशेष व्यवस्था की है। रांची के ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह खुद हर परीक्षा केंद्र का मॉनिटरिंग कर रहे हैं। मंगलवार को वह खुद स्कूलों के आसपास घूम-घूमकर ट्रैफिक व्यवस्था की समीक्षा करते नजर आए।

ट्रैफिक एसपी ने परीक्षा केंद्रों का किया सघन निरीक्षण

रांची एसएसपी बोर्ड परीक्षा को लेकर गंभीर हैं। उनके निर्देशों के तहत ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने रांची के विभिन्न परीक्षा केंद्रों का विस्तृत और सघन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों के बाहर सुरक्षा और पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया, ताकि छात्रों और अभिभावकों को किसी भी तरह की परेशानी न हो। इसके साथ ही ट्रैफिक प्रवाह की समीक्षा की गई और आवश्यक सुधारों के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने यह सुनिश्चित किया कि छात्रों को परीक्षा के दौरान कोई असुविधा न हो और यातायात सुगम बना रहे।

ड्यूटी की शुरुआत सुबह 8 बजे से

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि बोर्ड परीक्षा को देखते हुए सभी प्रमुख स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी सुबह 9 बजे की बजाय अब 8 बजे से शुरू कर दी गई है।

अभिभावकों को भी दी गई खास अपील

ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने अभिभावकों से विशेष अपील की है कि वे अपने बच्चों को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचाएं। इसके अलावा, उन्होंने कहा कि सभी अभिभावक अपनी गाड़ियां केवल निर्दिष्ट पार्किंग स्थलों पर ही पार्क करें और अवैध पार्किंग से बचें। इससे न केवल यातायात सुगम रहेगा, बल्कि अन्य छात्रों को भी किसी तरह की परेशानी नहीं होगी।

सुरक्षा और यातायात पर विशेष ध्यान

परीक्षा के दौरान ट्रैफिक एसपी ने सुनिश्चित किया कि ड्यूटी पर तैनात सभी पुलिसकर्मी यातायात नियमों का कड़ाई से पालन करें। साथ ही अभिभावकों और छात्रों को हर संभव मदद मिले और किसी भी संभावित समस्या का तत्काल समाधान किया जाए। निरीक्षण के दौरान एसपी (ट्रैफिक), स्थानीय थाना प्रभारी और अन्य वरीय पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि परीक्षा अवधि भर यातायात व्यवस्था पर कड़ी नजर रखी जाएगी और छात्रों की सुरक्षा हमेशा सर्वोपरि रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *