Home

सासाराम जा रही गांजे की बड़ी खेप रांची में जब्त, युवक–युवती गिरफ्तार

Ranchi : रांची रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 18 किलोग्राम गांजा जब्त किया है। यह कार्रवाई ऑपरेशन “नारकोस” के तहत की गई। घटना मौर्या एक्सप्रेस के प्लेटफार्म नंबर एक पर हुई, जब एक पुरुष और एक महिला संदिग्ध रूप में बैठे दिखाई दिए। दोनों घबराए हुए थे, जिससे आरपीएफ की जांच टीम ने उन्हें रोक लिया।

पूछताछ में कबूला सच

आरपीएफ ने दोनों से पूछताछ की तो राजू कुमार (29 वर्ष), पिता लल्लू सिंह, निवासी गिरधरपुर, रोहतास और छोटी कुमारी (21 वर्ष), पिता गोपाल कहार, निवासी सोनाडीह, रोहतास ने कबूल किया कि उनके पास प्लास्टिक में पैक गांजा है।

18 पैकेट में मिला 18 किलो गांजा

जांच के दौरान राजू कुमार के बैग से 10 पैकेट और छोटी कुमारी के पास से 8 पैकेट गांजा बरामद किए गए। कुल वजन 18 किलोग्राम था और इसकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 9 लाख रुपये आंकी गई।

गांजे की सप्लाई ओडिशा से बिहार तक

पूछताछ में आरोपितों ने बताया कि गांजा उन्हें संबलपुर (ओडिशा) निवासी बिशनु से मिला था। इसे सासाराम रेलवे स्टेशन पर गिरधरपुर निवासी बिट्टू चंद्रवंशी को सुपुर्द करना था, जो छोटू सिंह के लिए काम करता है।

जब्ती के बाद जीआरपी को सौंपा

बरामद गांजे को विधिवत सील कर जीआरपी रांची को सुपुर्द कर दिया गया। दोनों आरोपितों के खिलाफ अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

इनकी रही अहम भूमिका

इस सराहनीय कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार, स्टाफ मोहम्मद आलिम, वर्षा मुंडा, फ्लाइंग टीम रांची से सहायक उपनिरीक्षक अनिल कुमार, स्टाफ राजकुमार सिंह और दिनेश प्रसाद का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *