झारखंड

झारखंड में ठंड का असर कम, दिन में गर्मी और सुबह-शाम हल्की सर्दी का अनुमान

झारखंड

Ranchi : झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। पिछले तीन दिनों से कड़ाके की ठंड झेल रहे लोगों को अब राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग की मानें तो आज से न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी शुरू हो गई है, जिससे ठंडी हवाओं का असर धीरे-धीरे कम होगा। यानी सुबह-शाम हल्की ठंड रहेगी, लेकिन दिन में गर्मी का एहसास होने लगेगा।

जमशेदपुर समेत कई जिलों में बढ़ेगा तापमान

जमशेदपुर, सरायकेला, खरसावां और सिमडेगा के लोगों को आज यानी बुधवार को ठंड से थोड़ी राहत मिलेगी। इन जिलों में न्यूनतम तापमान 14 से 15 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है। वहीं, दिन का अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक पहुंच सकता है। दोपहर के समय धूप तेज रहेगी और गर्मी का एहसास होगा। ऐसे में लोगों को दिन में स्वेटर या जैकेट की जरूरत शायद ही पड़े। हालांकि सुबह और देर शाम हल्की ठंड बनी रह सकती है।

गुमला में अभी भी सर्दी का जोर

जहां बाकी जिलों में ठंड कम हो रही है, वहीं गुमला में सर्दी अभी भी काबू में है। पिछले 24 घंटे में यहां न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री दर्ज किया गया था। आज भी तापमान करीब 7 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है। यानी गुमला के लोगों को अभी ठंड से राहत नहीं मिलेगी। यहां सुबह और रात में कड़ाके की ठंड महसूस होगी, इसलिए गर्म कपड़े पहनना जरूरी है।

रांची और आसपास के इलाकों में सामान्य मौसम

राजधानी रांची, हजारीबाग, रामगढ़ और खूंटी में मौसम लगभग सामान्य रहेगा। यहां न्यूनतम तापमान 10 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री तक रह सकता है। सुबह और शाम हल्की ठंड का एहसास होगा, लेकिन दिन में मौसम सुहावना रहेगा। लोगों को बहुत ज्यादा ठंड भी नहीं लगेगी और न ही ज्यादा गर्मी परेशान करेगी।

पलामू, लोहरदगा और लातेहार में हल्की ठंडी हवाएं

पलामू, लोहरदगा और लातेहार में न्यूनतम तापमान 11 डिग्री और अधिकतम 27 डिग्री रहने का अनुमान है। यहां हवा थोड़ी तेज चल सकती है, जिससे सुबह और शाम में हल्की ठंड महसूस होगी। दिन में धूप निकलने से मौसम ठीक-ठाक रहेगा, लेकिन सुबह घर से निकलते समय हल्का गर्म कपड़ा साथ रखना बेहतर होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *