शंकर नायक हत्याकांड का खुलासा : चाय में जहर देकर भाभी ने देवर को उतारा था मौत के घाट

Ranchi : रांची के तमाड़ थाना क्षेत्र में शंकर नायक हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी दंपत्ति को गिरफ्तार कर लिया है। हैरानी की बात यह है कि हत्या की वजह पारिवारिक रिश्ते के भीतर चल रहा प्रेम-प्रसंग बना। पुलिस के मुताबिक मृतक की अपनी ही भाभी के साथ नजदीकियां थीं, और जब वह शादी करने की तैयारी में था तो यही बात उसकी मौत की वजह बन गई।
9 फरवरी को मिली थी जहर खाने की सूचना
पुलिस को 9 फरवरी को सूचना मिली कि ग्राम लोधमा में एक युवक ने जहर खा लिया है और उसकी हालत गंभीर है। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि परिजन उसे इलाज के लिए जमशेदपुर के एमजीएम अस्पताल ले गए हैं। वहां डॉक्टरों ने शंकर नायक को मृत घोषित कर दिया। मृतक के भाई सुकरा नायक के लिखित आवेदन पर गीता देवी, बलदेव मछुवा और सोहिनी कुमारी के खिलाफ तमाड़ थाना कांड संख्या 11/26 के तहत नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई।
माता-पिता की मौत के बाद भाभी संभालती थी घर
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब तीन साल पहले शंकर नायक के माता-पिता की बीमारी से मौत हो गई थी। इसके बाद उसकी चचेरी भाभी गीता देवी ही घर का कामकाज देखती थी। इसी दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। बताया जा रहा है कि जब शंकर नायक ने शादी करने के लिए लड़की देखनी शुरू की तो गीता देवी उसे रोकने लगी। वह नहीं चाहती थी कि शंकर शादी कर अपना अलग परिवार बसाए।
शादी की बात से नाराज होकर रची साजिश
पुलिस के अनुसार इसी बात को लेकर गीता देवी ने अपने पति बलदेव मछुवा के साथ मिलकर शंकर को रास्ते से हटाने की योजना बनाई। तय साजिश के तहत शंकर को चाय में कीटनाशक दवा मिलाकर पिला दी गई। चाय पीने के कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। उसके मुंह से झाग निकलने लगा और हालत गंभीर हो गई। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
आरोपी दंपत्ति गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से जांच की और दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में कई अहम बातें सामने आई हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में जो भी दोषी होंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
