रांची मेयर चुनाव : रमा खालखो और रौशनी खालखो के बीच होगी जोरदार आजमाइश, भाजपा-कांग्रेस आमने-सामने
रांचीः शहर की सरकार चुनने के लिए भले ही नगर निगम चुनाव दलीय आधार पर नहीं हो रहे हों, लेकिन राजनीतिक दलों ने अप्रत्यक्ष रूप से अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अपने-अपने समर्थित उम्मीदवारों को जिताने के लिए भाजपा और कांग्रेस सक्रिय रूप से मैदान में उतर चुकी हैं। ऐसे में रांची मेयर का चुनाव कई मायनों में बेहद दिलचस्प होने जा रहा है।
मंगलवार को कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार और पूर्व मेयर रमा खालखो ने मेयर पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के दौरान कांग्रेस के कई वरिष्ठ और दिग्गज नेता मौजूद रहे, जिससे चुनावी माहौल और गरमा गया है।
रमा खालखो के नामांकन में जुटे कांग्रेस के दिग्गज
रमा खालखो के नामांकन कार्यक्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री सुबोधकांत सहाय, कांके विधायक सुरेश बैठा, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, अजय नाथ शाहदेव, रांची महानगर अध्यक्ष कुमार राजा, मीडिया प्रभारी सतीश पॉल मुजनी, राजेश सिन्हा उर्फ सन्नी, कांग्रेस युवा नेता मोहम्मद जावेद सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।
भाजपा समर्थित उम्मीदवार हैं रौशनी खालखो
उधर भाजपा ने मेयर पद के लिए रौशनी खालखो को समर्थन दिया है। रौशनी खालखो पूर्व में नगर निगम पार्षद रह चुकी हैं। नगर निकाय चुनाव समय पर कराने को लेकर उन्होंने झारखंड हाईकोर्ट में याचिका दायर की थी, जिसके बाद हाईकोर्ट ने राज्य सरकार को शीघ्र चुनाव कराने का कड़ा निर्देश दिया था।
भाजपा समर्थित मेयर पद के संभावित उम्मीदवार
रांची नगर निगम – रौशनी खालखो
धनबाद नगर निगम – संजीव अग्रवाल
देवघर नगर निगम – रीता चौरसिया
आदित्यपुर नगर निगम – प्रभाषिणी कालुंडिया
चास नगर निगम – अविनाश कुमार
मानगो नगर निगम – बबीता सिंह
मेदिनीनगर नगर निगम – अरुणा शंकर
हजारीबाग नगर निगम – सुदेश चंद्रवंशी
गिरिडीह नगर निगम – डॉ. शैलेंद्र चौधरी
