रांची

चेन्नई समुद्र तट पर दर्दनाक हादसा, रांची के युवक समेत दो लापता, एक की मौत

समुद्र

Ranchi : चेन्नई के समुद्र तट पर नहाने के दौरान तीन युवकों के साथ बड़ा हादसा हो गया। तेज समुद्री लहरों की चपेट में आने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो युवक अब भी लापता हैं। यह घटना रविवार को छुट्टी के दिन हुई, जब तीनों युवक समुद्र किनारे घूमने पहुंचे थे।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक युवक की पहचान मुकेश (तमिलनाडु) के रूप में हुई है, जबकि लापता युवकों में रांची के तुपुदाना निवासी 20 वर्षीय रितेश प्रजापति और मुंबई निवासी नवल शामिल हैं। तीनों युवक एकेडमी ऑफ मेरीटाइम एजुकेशन एंड ट्रेनिंग (AMET), चेन्नई में मर्चेंट नेवी प्रशिक्षण के लिए चयनित हुए थे।

बताया जा रहा है कि समुद्र में नहाते समय तीनों युवक धीरे-धीरे गहरे पानी में चले गए। इसी दौरान अचानक तेज लहरें उठीं और तीनों युवक समुद्र में बह गए। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चेन्नई पुलिस और गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद मुकेश को समुद्र से बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।

वहीं, रितेश प्रजापति और नवल की तलाश लगातार जारी है। गोताखोर, पुलिस और अन्य बचाव दल समुद्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे हैं, लेकिन देर शाम तक दोनों का कोई सुराग नहीं मिल सका।

इस घटना से रितेश का परिवार गहरे सदमे में है। उनके पिता ऑटो चालक हैं, जबकि मां फुटवियर की दुकान चलाती हैं। परिवार के सदस्य चेन्नई जाने की तैयारी में जुट गए हैं। मर्चेंट नेवी में चयनित होने पर पूरा परिवार रितेश पर गर्व महसूस कर रहा था, लेकिन इस हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया है।

पुलिस ने बताया कि सर्च ऑपरेशन जारी है और हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *