रांची में ACB की बड़ी कार्रवाई, पेयजल विभाग का ब्लॉक कोऑर्डिनेटर रिश्वत लेते गिरफ्तार

Ranchi: झारखंड के रांची जिले के बुंडू प्रखंड में भ्रष्टाचार का एक गंभीर मामला सामने आया है। एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर जगन्नाथ गोप को 25 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
ACB को शिकायत मिली थी कि आरोपी किसी व्यक्ति से काम के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत की पुष्टि के बाद ACB टीम ने पूरी योजना के तहत जाल बिछाया। तय रणनीति के अनुसार जैसे ही जगन्नाथ गोप ने 25 हजार रुपये की रिश्वत ली, ACB की टीम ने मौके पर ही उसे धर दबोचा।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को ACB कार्यालय ले जाया गया, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। साथ ही संबंधित दस्तावेजों की जांच भी की जा रही है। ACB ने बताया कि मामले की गहन जांच जारी है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद विभागीय हलकों और प्रशासन में हड़कंप मच गया है।
