Home

मैट्रिक और इंटर की परीक्षा में लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई : उपायुक्‍त

पश्चिमी सिंहभूम, 31 जनवरी । जिला में झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) की ओर से आयोजित होने वाली मैट्रिक और इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारी शुरू कर दी है। परीक्षा को शांतिपूर्ण और कदाचार-मुक्त ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से शनिवार को कोल्हन विश्वविद्यालय सभागार में उपायुक्त की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक हुई।

बैठक में बताया गया कि जिले में मैट्रिक परीक्षा के लिए 53 केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 15,494 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। वहीं इंटरमीडिएट के लिए 29 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इंटर में आर्ट्स के 7,766, साइंस के 1,168 और कॉमर्स के 1,306 परीक्षार्थी शामिल होंगे। दोनों परीक्षाएं 3 फरवरी से शुरू होकर 23 फरवरी तक चलेंगी।

उपायुक्त ने अधिकारियों को परीक्षा संचालन पूरी पारदर्शिता और सख्ती के साथ जैक के दिशा-निर्देशों के अनुरूप करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्‍होंने सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी सुनिश्चित करने और प्रश्नपत्रों की सुरक्षा एवं गोपनीयता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की लापरवाही, अनियमितता या गोपनीयता भंग होने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

साथ ही उपायुक्त ने यह भी निर्देश दिया कि कदाचार पर सख्ती है, लेकिन अनावश्यक रूप से किसी भी परीक्षार्थी को परेशान नहीं किया जाना चाहिए।

बैठक के दौरान सुशांत प्रधान और मनोज राउत ने जैक की गाइडलाइन के आधार पर केंद्र अधीक्षकों, स्टैटिक मजिस्ट्रेट और दंडाधिकारियों को परीक्षा संचालन से जुड़े विस्तृत दिशा-निर्देश दिया।

बैठक में अपर उपायुक्त, सदर चाईबासा, जगन्नाथपुर और चक्रधरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी, सदर के एसडीपीओ, जिला शिक्षा अधीक्षक, सभी परीक्षा केंद्रों के अधीक्षक, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, प्रखंड शिक्षा प्रसार पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, विभिन्न थाना प्रभारी सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *