Home

सैफ अंडर-19 महिला फुटबॉल: भारतीय टीम में झारखंड की 6 बेटियाँ चयनित


Ranchi : साउथ एशियन फुटबॉल फेडरेशन (SAFF) के तत्वावधान में 31 जनवरी से 7 फरवरी तक नेपाल के काठमांडू में आयोजित होने वाली सैफ अंडर-19 महिला फुटबॉल चैंपियनशिप 2026 के लिए 23 सदस्यीय भारतीय टीम की घोषणा कर दी गई है। इस टीम में झारखंड की छह प्रतिभाशाली बालिका खिलाड़ियों को स्थान मिला है, जो राज्य के लिए गर्व की बात है।

इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में भारत, नेपाल, भूटान और बांग्लादेश की टीमें भाग लेंगी। भारतीय टीम अपना पहला मुकाबला 31 जनवरी 2026 को मेज़बान नेपाल के खिलाफ खेलेगी।

चयनित खिलाड़ियों में झारखंड सरकार के खेल विभाग द्वारा संचालित आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, इंडोर स्टेडियम गुमला की चार खिलाड़ी—एलिज़ाबेथ लकड़ा, अनीता डुंगडुंग, सूरज मुनि कुमारी और विनीता होरो शामिल हैं। वहीं आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, हजारीबाग से अनुष्का कुमारी तथा स्टार वॉरियर्स रांची से दिव्यानी लिंडा का चयन किया गया है।

सभी चयनित खिलाड़ी भारतीय टीम के साथ नेपाल के लिए रवाना हो चुकी हैं और अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश का प्रतिनिधित्व करेंगी।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, खेल मंत्री सुदीब्य कुमार सोनू, खेल सचिव मनोज कुमार, खेल निदेशक आसिफ इकराम, झारखंड फुटबॉल संघ के महासचिव गुलाब रब्बानी, खेल उपनिदेशक राजेश कुमार, देवेंद्र सिंह, जिला खेल पदाधिकारी गुमला प्रवीण कुमार, रांची के शिवेंद्र सिंह, फुटबॉल कोच बीना केरकेट्टा, सोनी कुमारी, सुशीला कुमारी, बबलू सहित राज्यभर के खेल प्रेमियों ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएँ दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *