पूर्वी सिहंभूमि

नगरपालिका चुनाव की घोषणा के बाद प्रशासनिक तैयारियां तेज, की गई बैरिकेडिंग

पूर्वी सिंहभूम, 28 जनवरी । नगरपालिका चुनाव–2026 की घोषणा के साथ ही पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह चुनावी मोड में आ गया है। चुनाव की निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। इसी क्रम में सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए उपायुक्त कार्यालय परिसर में बैरिकेडिंग का कार्य शुरू कर दिया गया है। बुधवार को जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) के निर्देश पर समाहरणालय सभागार में समीक्षा बैठक की गई, जिसकी अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेन्द्र पासवान ने की।

बैठक में नगरपालिका चुनाव के सुचारू संचालन के लिए गठित 13 कोषांगों के वरीय और प्रभारी पदाधिकारी उपस्थित थे। इस दौरान उप विकास आयुक्त ने चुनाव प्रक्रिया से जुड़े सभी पहलुओं की विस्तार से समीक्षा करते हुए सभी कोषांगों की भूमिका, दायित्व और आपसी समन्वय पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कोषांग निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप समयबद्ध कार्ययोजना बनाकर कार्य करें, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे। बैठक में बताया गया कि नगरपालिका चुनाव–2026 के सफल आयोजन के लिए निर्वाचन, कार्मिक, मतपत्र, सामग्री, वाहन, विधि-व्यवस्था, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत, प्रेक्षक, प्रशिक्षण, मीडिया, निर्वाचन व्यय लेखा, सूचना प्रौद्योगिकी और नियंत्रण कक्ष सहित कुल 13 कोषांगों का गठन किया गया है।

इसके साथ ही हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग को मतदाताओं की समस्याओं के त्वरित निष्पादन के लिए 24 घंटे सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया।

बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने सभी कोषांग प्रभारियों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि प्रशासन का लक्ष्य मानगो नगर निगम, जुगसलाई नगर परिषद और चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र में शांतिपूर्ण और पारदर्शी नगरपालिका चुनाव संपन्न कराना है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी स्तर पर कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और निर्वाचन आयोग की गाइडलाइन का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *