गणतंत्र दिवस पर झारखंड के 12 पुलिस अधिकारी-कर्मियों को पुलिस पदक

रांची। गणतंत्र दिवस 2026 के अवसर पर केंद्रीय गृह मंत्रालय की ओर से झारखंड के 12 पुलिस अधिकारी और कर्मियों को पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें उत्कृष्ट, सराहनीय और कर्तव्यनिष्ठ सेवा के लिए प्रदान किया गया है। इस संबंध में गृह विभाग ने अधिसूचना जारी कर दी है।
सम्मानित अधिकारियों में डीएसपी संजय कुमार को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से नवाजा गया है। उनकी दीर्घकालीन ईमानदार और समर्पित सेवा को देखते हुए यह सम्मान दिया गया। विभागीय अधिकारियों और सहकर्मियों ने इस उपलब्धि पर उन्हें बधाई दी है।
वहीं आईपीएस अधिकारी अनूप बिरथरे और पटेल मयूर कन्हैयालाल सहित कुल 11 पुलिस अधिकारी और कर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया गया है। इन अधिकारियों ने अपने-अपने कार्यक्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और आम जनता की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
गृह विभाग के अनुसार, चयन कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन के आधार पर किया गया है। इस पुरस्कार का उद्देश्य पुलिस बल का मनोबल बढ़ाना और उन्हें और बेहतर कार्य के लिए प्रेरित करना है।
राज्य सरकार और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने सभी सम्मानित पुलिसकर्मियों को बधाई देते हुए इसे पूरे झारखंड पुलिस के लिए गर्व का विषय बताया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आगे भी पुलिसकर्मी इसी निष्ठा और समर्पण के साथ जनता की सेवा करते रहेंगे।
