रांची

मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा राज्यहित में, भाजपा बताए अपने दोहरे मापदंड: विनोद पांडेय

रांची। झारखंड मुक्ति मोर्चा के महासचिव विनोद पांडेय ने नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी के आरोपों पर कड़ा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा को पहले अपने दोहरे मापदंडों पर जवाब देना चाहिए। जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार विदेश यात्राएं करते हैं, तब भाजपा उसे देश का गौरव और कूटनीतिक सफलता बताती है, लेकिन वही बात मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मामले में गलत ठहराई जाती है।

विनोद पांडेय ने कहा कि मुख्यमंत्री की विदेश यात्रा पूरी तरह राज्यहित में है। इसका उद्देश्य झारखंड में निवेश लाना, रोजगार के अवसर सृजित करना और राज्य को वैश्विक मंच पर स्थापित करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा जानबूझकर इस यात्रा को गलत तरीके से प्रस्तुत कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गणतंत्र दिवस का आयोजन पूरे सम्मान और संवैधानिक मर्यादा के साथ किया जाएगा।

झामुमो महासचिव ने कहा कि भाजपा को यह भी बताना चाहिए कि प्रधानमंत्री की विदेश यात्राओं पर कभी सवाल क्यों नहीं उठते। अगर विदेश जाना गलत है, तो यह नियम सभी पर समान रूप से लागू होना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा के पास कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह अनावश्यक बयानबाजी कर रही है।

उन्होंने दोहराया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य सरकार आदिवासी हित, सामाजिक न्याय, कानून-व्यवस्था और रोजगार सृजन को लेकर पूरी तरह प्रतिबद्ध है। जनता भाजपा की राजनीति को समझ चुकी है और आने वाले समय में इसका जवाब भी देगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *