खेलरांची

झारखंड में पहली बार फिडे ट्रेनर्स सेमिनार का भव्य शुभारंभ


सरला बिड़ला यूनिवर्सिटी, रांची | 23 जनवरी 2026

झारखंड के शतरंज इतिहास में आज एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ गया, जब राज्य में पहली बार फिडे ट्रेनर्स सेमिनार का भव्य शुभारंभ रांची स्थित सरला बिड़ला यूनिवर्सिटी में किया गया। यह अंतरराष्ट्रीय स्तर का सेमिनार 23 से 25 जनवरी 2026 तक आयोजित किया जा रहा है।

उद्घाटन सत्र के मुख्य वक्ता डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा, माननीय सांसद (राज्यसभा) रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि फिडे द्वारा मान्यता प्राप्त इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम झारखंड में खेल संस्कृति को सशक्त करेंगे और युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करेंगे।

सेमिनार के मुख्य प्रशिक्षक (ट्रेनर) ग्रैंडमास्टर प्रवीण थिप्से ने प्रशिक्षकों की भूमिका और उनकी गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि प्रशिक्षकों की गुणवत्ता ही खिलाड़ियों के भविष्य की मजबूत नींव होती है। उन्होंने आधुनिक कोचिंग पद्धतियों, दीर्घकालीन खिलाड़ी विकास और प्रोफेशनल ट्रेनिंग सिस्टम पर विस्तार से प्रकाश डाला तथा इस सेमिनार को झारखंड के लिए एक मील का पत्थर बताया।

इस सेमिनार का आयोजन ऑल झारखंड चेस एसोसिएशन (AJCA) द्वारा ऑल इंडिया चेस फेडरेशन (AICF) के तत्वावधान में तथा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय (MYAS) के सहयोग से किया जा रहा है। सेमिनार फिडे ट्रेनर्स कमीशन की देखरेख में संपन्न हो रहा है।

उद्घाटन समारोह में AJCA के अध्यक्ष ने सेमिनार के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में डीजी, एसबीयू प्रो. डॉ. गोपाल पाठक एवं कुलपति, एसबीयू प्रो. डॉ. जगन्नाथन चोकालिंगम की गरिमामयी उपस्थिति रही।

इस अवसर पर मनीष कुमार (सचिव, AJCA), दीपक कुमार (संयुक्त सचिव, AJCA), सतीश कुमार (कोषाध्यक्ष, AJCA), मृदुल सहित संघ के अनेक पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं शतरंज प्रेमी उपस्थित रहे।

यह सेमिनार प्रशिक्षकों को आधुनिक प्रशिक्षण तकनीकों, खिलाड़ी विकास की वैज्ञानिक पद्धतियों, नैतिक प्रशिक्षण तथा फिडे के नवीन दिशा-निर्देशों से अवगत करा रहा है। झारखंड में पहली बार आयोजित यह फिडे ट्रेनर्स सेमिनार राज्य में शतरंज के संरचित, पेशेवर और दीर्घकालीन विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *