भाजपा शासित राज्यों में महिलाओं पर बढ़े अत्याचार: झामुमो प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य
रांची, 16 जुलाई । झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के केंद्रीय महासचिव और प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने बुधवार को भाजपा पर बड़ा हमला करते हुए कहा कि 2014 के बाद भाजपा-शासित राज्यों में महिलाओं के खिलाफ अत्याचार तेजी से बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि “बेटी बचाओ” जैसे नारे अब सिर्फ राजनीतिक दिखावा बनकर रह गए हैं।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सुप्रियो ने कहा, “भाजपा की सरकारों में महिला सुरक्षा संकट में है।” उन्होंने ओडिशा, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, गुजरात और मणिपुर जैसे राज्यों का हवाला देते हुए दावा किया कि वहां महिलाओं के खिलाफ अपराधों में चिंताजनक बढ़ोतरी हुई है।
सुप्रियो भट्टाचार्य ने हाल ही में ओडिशा के बालासोर में एक बीएड छात्रा की आत्महत्या को दुखद और गंभीर बताया। उन्होंने तीखा आरोप लगाते हुए कहा, “भाजपा की छवि अब ‘बेटी बचाओ’ से बदलकर ‘बेटी जलाओ पार्टी’ जैसी हो गई है।“
उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सिर्फ स्लोगन की राजनीति करती है, जबकि ज़मीनी हकीकत में महिला सुरक्षा के मोर्चे पर पूरी तरह विफल रही है।
