रामगढ

रजरप्पा पहुंचे नौसेना प्रमुख, मां छिन्नमस्तिका से लिया आशीर्वाद

Ramgarh : भारतीय नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश कुमार त्रिपाठी गुरुवार को दो दिवसीय दौरे पर झारखंड पहुंचे। रांची आगमन के बाद वे रामगढ़ जिले के प्रसिद्ध रजरप्पा स्थित मां छिन्नमस्तिका मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर मां के चरणों में शीश झुकाया और आशीर्वाद लिया।

मंदिर परिसर में उनके आगमन से पूर्व सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत में एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि रजरप्पा मंदिर में आकर जो आत्मिक शांति और सुकून मिलता है, उसे शब्दों में व्यक्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा, “मां ने चाहा तो मैं फिर यहां आऊंगा।”

नौसेना प्रमुख ने मां छिन्नमस्तिका से देश के जवानों के लिए साहस, संयम और शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने स्वयं को मां के दरबार में पहुंचकर गौरवान्वित महसूस करने की बात कही।

देश की सुरक्षा व्यवस्था पर बोलते हुए एडमिरल त्रिपाठी ने कहा कि भारत की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह मजबूत और सक्षम हाथों में है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि भारत की ओर बुरी नजर से देखने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने देश की भौगोलिक स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत का लगभग 70 प्रतिशत क्षेत्र जल सीमा से जुड़ा हुआ है। ऐसे में भारतीय नौसेना जहां-जहां तैनात है, वहां पूरी सतर्कता और मजबूती के साथ निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारत हर चुनौती का सामना करने के लिए पूरी तरह तैयार है और माता से देश के जवानों के लिए शक्ति, साहस और संयम  प्रदान करने की प्रार्थना भी की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *