जामताड़ा

जामताड़ा पुलिस ने कैशबैक ठगी गिरोह का किया पर्दाफाश, तीन साइबर अपराधी गिरफ्तार

कैशबैक

Jamtara : जामताड़ा पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कैशबैक के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

साइबर अपराध थाना की टीम ने नारायणपुर थाना क्षेत्र के कशियाटांड़ स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय के पास सिनबार झाड़ी इलाके में छापेमारी कर तीन आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हातिम अंसारी (35), बिनोद मंडल (42) और नजरूद्दीन अंसारी (30) के रूप में हुई है। तीनों जामताड़ा जिले के रहने वाले हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और 7 सिम कार्ड बरामद किए हैं। जांच में पता चला है कि आरोपी Magicpin ऐप के नाम पर लोगों को PhonePe के जरिए ₹990 कैशबैक का फर्जी मैसेज भेजते थे। जैसे ही लोग कैशबैक स्वीकार करते, पैसे आरोपियों के खाते में ट्रांसफर हो जाते थे। इसके बाद आरोपी उस रकम से गिफ्ट कार्ड खरीदकर उन्हें बेच देते थे।

पुलिस के अनुसार यह ठगी नेटवर्क देशभर में सक्रिय था। इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाना कांड संख्या 04/26 (दिनांक 20.01.2026) दर्ज किया गया है। आरोपियों पर BNS 2023, आईटी एक्ट और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट 2023 की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी हातिम अंसारी पहले भी साइबर अपराध के एक मामले में आरोपित रह चुका है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *