गोड्डा पुलिस की बड़ी सफलता, गोलीकांड के तीन आरोपी गिरफ्तार

Godda : पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम चौक, महागामा-गोड्डा मुख्य मार्ग पर शनिवार शाम में एक महिला पर गोली चलाने की गंभीर घटना सामने आई। घटना में 35 वर्षीय वन्दना कुमारी (पति: संतोष कुमार साह) घायल हो गईं। वन्दना कुमारी सिकरगढ़ टोला, थाना कहलगांव, जिला भागलपुर, बिहार की निवासी हैं और वर्तमान में परसा, थाना हनवारा, जिला गोड्डा में रहती हैं। वन्दना के बयान के आधार पर पथरगामा थाना में तीन नामजद और अन्य अज्ञात अभियुक्तों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी गोड्डा ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया। टीम ने भौतिक, तकनीकी और परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर तीन अभियुक्तों श्याम कुमार साह, सुबोध कुमार साह और मो. आरिफ को गिरफ्तार किया। पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि घटना के पीछे कारण वन्दना के पति द्वारा अपने पत्नी से छुटकारा पाने के लिए 2 लाख रुपये देकर हत्या कराने का षड्यंत्र था। अभियुक्तों ने यह भी स्वीकार किया कि बीते शनिवार उन्होंने मोटरसाइकिल पर चलती वन्दना पर जान मारने के उद्देश्य से गोली चलाई।
घटना
गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल की गई दो मोटरसाइकिल, देशी कट्टा, तीन हेलमेट, तीन मास्क और गोली का अग्रभाग बरामद किया गया। घटना की जांच के लिए एसआईटी में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अशोक रविदास, प्रशिक्षु पुलिस उपाधीक्षक कुमार गौरव, पथरगामा और महागामा थाने के पुलिस अधिकारी, तकनीकी शाखा और सशस्त्र बल के सदस्य शामिल थे। पुलिस ने बताया कि घटना की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए अभियुक्तों की त्वरित गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई है और मामले की गहनता से जांच जारी है।
