मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने अल्का लांबा से की मुलाकात, महिलाओं की समस्याओं पर चर्चा
रांची, 20 जनवरी । झारखंड के कृषि मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की ने दिल्ली दौरे पर मंगलवार को अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष अलका लांबा से खास मुलाकात की। राज्य में महिलाओं और मनरेगा से जुड़े ज्वलंत मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की। मंत्री ने प्रेस विज्ञप्ति जारी करते हुए इस मुलाकात को महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा की लड़ाई को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने बताया कि लांबा से बातचीत के दौरान महिलाओं पर हो रहे शोषण के खिलाफ संघर्ष को तेज करने पर सहमति बनी है। जिससे महिला कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार होगा।
इसके अलावे आगामी महिला दिवस के अवसर पर झारखंड में राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित करने को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया। इसमें विशेष रूप से झारखंड के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं के संघर्ष, उनकी रोजमर्रा की जद्दोजहद और सामाजिक-आर्थिक चुनौतियों को बदलते भारत की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
चर्चा के दौरान कांग्रेस द्वारा राष्ट्रीय स्तर पर चलाए जा रहे मनरेगा संग्राम में महिलाओं की अहम भूमिका को रेखांकित किया गया। मंत्री ने कहा कि मनरेगा के तहत रोजगार पाने वालों में महिला श्रमिकों की संख्या उल्लेखनीय है, लेकिन केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा में बदलाव कर महिलाओं को उनके गांव-घर में मिलने वाले रोजगार से वंचित करने की साजिश की जा रही है। ऐसे प्रयासों के खिलाफ संगठित आंदोलन चलाने पर सहमति बनी।
