झारखंड पुलिस को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता, ₹5 लाख के इनामी कुंवर मांझी को किया ढेर
बोकारो/रांची: झारखंड पुलिस और सुरक्षाबलों को नक्सल विरोधी अभियान में एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। बुधवार सुबह हुई मुठभेड़ में सुरक्षा बलों ने ₹5 लाख के इनामी नक्सली कुंवर मांझी को मार गिराया है। यह मुठभेड़ बोकारो जिले के जंगलों में हुई, जहां सुरक्षा बलों और नक्सलियों के बीच भारी गोलीबारी हुई।
सुरक्षाबलों ने घेरा इलाका, सर्च ऑपरेशन जारी
सूत्रों के अनुसार, मुठभेड़ के दौरान कुछ अन्य नक्सलियों को भी गोली लगी है। फिलहाल पूरे इलाके को सुरक्षाबलों ने घेर रखा है और सर्च ऑपरेशन जारी है। सुरक्षा एजेंसियां किसी भी छिपे हुए नक्सली को पकड़ने के लिए तलाशी अभियान चला रही हैं।
शहीद जवान का पार्थिव शरीर लाने पहुँचा हेलीकॉप्टर
इस मुठभेड़ में एक कोबरा 209 बटालियन के जवान के शहीद होने की खबर है। शहीद जवान के पार्थिव शरीर को लाने के लिए रांची से विशेष हेलीकॉप्टर बोकारो पहुंचा है। कुछ ही घंटों में जवान का पार्थिव शरीर रांची लाया जाएगा।
अप्रैल 2025 की मुठभेड़ में भी झारखंड पुलिस को मिली थी बड़ी सफलता
गौरतलब है कि इससे पहले भी 21 अप्रैल 2025 को झारखंड पुलिस को नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता मिली थी। बोकारो जिले के ललपनिया स्थित लुगु बुरु पहाड़ की तलहटी में तड़के सुबह भीषण मुठभेड़ हुई थी, जिसमें 1 करोड़ के इनामी नक्सली विवेक समेत 8 नक्सलियों को ढेर किया गया था।
डीआईजी सुरेंद्र कुमार झा ने की थी पुष्टि
इस बड़ी कार्रवाई की पुष्टि कोयलांचल रेंज के डीआईजी सुरेंद्र कुमार झा ने की थी। उस ऑपरेशन में भी कई अन्य इनामी नक्सली मारे गए थे, जिससे झारखंड पुलिस की नक्सल रोधी मुहिम को बड़ी मजबूती मिली थी।
