नगरपालिका निर्वाचन की तैयारियों को लेकर उपायुक्त ने की कोषांगों की समीक्षा
खूंटी, 17 जनवरी । नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 के सफल आयोजन को लेकर शनिवार को समाहरणालय सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी (नगरपालिका) सह उपायुक्त आर रॉनिटा की अध्यक्षता में सभी गठित कोषांगों के वरीय पदाधिकारी और प्रभारी एवं सहायक प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में नगरपालिका (आम) निर्वाचन-2026 की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान नगरपालिका निर्वाचन कोषांग, कार्मिक कोषांग, मतपत्र और मतपेटिका कोषांग, सामग्री कोषांग, परिवहन कोषांग, विधि-व्यवस्था सह आचार संहिता कोषांग, हेल्पलाइन एवं जन शिकायत कोषांग, प्रेक्षक कोषांग, प्रशिक्षण कोषांग, मीडिया कोषांग के सुचारु संचालन को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने सभी कोषांगों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने स्तर पर बैठक आयोजित कर सभी तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करें, ताकि निर्वाचन की अधिसूचना जारी होते ही सभी कोषांग पूर्ण रूप से सक्रिय होकर कार्य प्रारंभ कर सकें।
बैठक में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, परियोजना निदेशक आईटीडीए, अपर समाहर्ता, जिला पंचायतीराज पदाधिकारी, उप निर्वाचन पदाधिकारी सहित विभिन्न कोषांगों के नोडल पदाधिकारी, सहायक पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद थे।
