पूर्वी सिहंभूमि

अवैध शराब के विरोध पर हमला, एक ही परिवार के चार लोग घायल

शराब

Jamshedpur : जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र के झोलागौड़ा स्थित लटकूगोड़ा इलाके में शनिवार को अवैध शराब के कारोबार का विरोध करना एक परिवार को भारी पड़ गया। शराब माफिया से जुड़े लोगों ने एक ही परिवार के चार सदस्यों पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार टिंकू, श्याम, श्याम की पत्नी और उनकी मां इलाके में चल रही अवैध शराब बिक्री का विरोध करने पहुंचे थे। आरोप है कि अवैध शराब विक्रेताओं ने पहले से ही 10 से 15 युवकों को मौके पर बुला रखा था। विरोध होते ही सभी ने मिलकर चारों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में चारों गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-चित्कार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह बीच-बचाव कर घायलों को बचाया। इसके बाद सभी को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर परसुडीह थाना की पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। आरोपितों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि दुमकागोड़ा क्षेत्र में लंबे समय से अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से चल रही है। इसका विरोध करने वालों के साथ पहले भी मारपीट की घटनाएं हो चुकी हैं। घायल महिला ने आरोप लगाया कि अवैध शराब की शिकायत कई बार पुलिस से की गई, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पुलिस पर शराब माफिया से मिलीभगत का आरोप भी लगाया है। घटना के बाद इलाके में आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने अवैध शराब कारोबार पर तत्काल रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *