Home

द्वितीय सीनियर राष्ट्रीय सुपर स्पीड खो-खो में झारखंड का शानदार प्रदर्शन, बालक वर्ग में रजत व बालिका वर्ग में कांस्य पदक


गुरुग्राम (हरियाणा):
गुरुग्राम में 9 से 11 जनवरी 2026 तक आयोजित द्वितीय सीनियर राष्ट्रीय सुपर स्पीड खो-खो प्रतियोगिता में झारखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नया इतिहास रच दिया। प्रतियोगिता में झारखंड के बालक वर्ग ने रजत पदक जबकि बालिका वर्ग ने कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।

यह प्रतियोगिता सुपर स्पीड खो-खो फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में, मान्यता प्राप्त हरियाणा राज्य सुपर स्पीड खो-खो संघ द्वारा आयोजित की गई थी।

रजत पदक जीतने के लिए झारखंड बालक टीम ने फाइनल मुकाबले में मेज़बान हरियाणा को कड़े और रोमांचक संघर्ष में 27–22 अंकों से पराजित कर चमचमाती ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। वहीं बालिका वर्ग में झारखंड की टीम ने संघर्षपूर्ण मैच में नई दिल्ली को 21–16 अंकों से हराकर कांस्य पदक और ट्रॉफी अपने नाम की।

झारखंड बालिका टीम ने लगातार दूसरे वर्ष जूनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता के बाद अब द्वितीय सीनियर राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी कांस्य पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

पूरी प्रतियोगिता में झारखंड बालक टीम के बिप्लब महतो को सर्वश्रेष्ठ धावक तथा बालिका वर्ग में प्रीति कुमारी को सर्वश्रेष्ठ धाविका के पुरस्कार से ट्रॉफी एवं नगद राशि देकर सम्मानित किया गया।

झारखंड बालक टीम की ओर से कप्तान शिवम नायक, उपकप्तान विप्लव महतो, राजवीर कुमार, सौरभ कुमार और कुलदीप महतो ने बेहतरीन प्रदर्शन किया।
वहीं बालिका टीम में कप्तान प्रीति कुमारी, उपकप्तान सृष्टि कुजूर, पूजा कुमारी, अनुप्रिया उरांव, रीतिका कुमारी, बिंदया मांझी एवं ऋचा कुमारी ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया।

इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर झारखंड राज्य सुपर स्पीड खो-खो संघ के अध्यक्ष डॉ. अजय झा, महासचिव विवेक कुमार, संयुक्त सचिव नीतीश कुमार साहू, संरक्षक सजल बनर्जी, कार्यकारी अध्यक्ष भरत कुमार, कोषाध्यक्ष सहजाद कुरैशी सहित सभी पदाधिकारियों, प्रशिक्षकों एवं खेल प्रेमियों ने टीम के सभी सदस्यों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं।

अंत में संघ के अध्यक्ष डॉ. अजय झा ने कृषि निदेशालय, झारखंड सरकार, रांची के प्रशाखा पदाधिकारी प्रेम भगत को प्रतियोगिता हेतु खेल किट उपलब्ध कराने के लिए विशेष रूप से धन्यवाद दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *