दिशोम गुरु शिबू सोरेन की 82वीं जयंती पर सीएम बेटे हेमंत का भावुक पोस्ट… देखें

Ranchi : झारखंड के सीएम हेमंत सोरेन ने दिशोम गुरु और राज्य के वरिष्ठ नेता शिबू सोरेन की 82वीं जयंती पर उन्हें भावुक शब्दों में याद किया। सीएम ने अपने सोशल मीडिया संदेश में कहा कि यह दिन उनके लिए केवल एक महान नेता का जन्मदिन नहीं, बल्कि उस पिता की स्मृति है, जिन्होंने उन्हें जीवन, संघर्ष और आत्मसम्मान के साथ खड़े रहना सिखाया।
सीएम हेमंत सोरेन ने लिखा कि शिबू सोरेन ने अपने पूरे जीवन में कभी भी अन्याय के सामने सिर नहीं झुकाया। उन्होंने जंगल, जमीन और आदिवासी अस्मिता की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित कर दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने अपने पिता को कई बार थका हुआ जरूर देखा, लेकिन कभी टूटते हुए नहीं देखा।
सीएम ने एक बेटे के रूप में अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने बाबा से सादगी, कठिन परिस्थितियों में डटे रहने का साहस और सत्ता को जनसेवा का माध्यम मानने की सीख ली है। उन्होंने कहा कि शिबू सोरेन द्वारा दिखाए गए मार्ग और आदर्शों पर वे जीवन भर चलते रहेंगे, चाहे कितनी भी चुनौतियां क्यों न आएं।
अपने संदेश के अंत में मुख्यमंत्री ने “जय झारखंड, जय दिशोम गुरु” के नारे के साथ शिबू सोरेन को नमन किया और कहा कि उनकी स्मृति हमेशा अमर रहेगी। दिशोम गुरु शिबू सोरेन की जन्मजयंती पर राज्यभर में उनके समर्थकों और झामुमो कार्यकर्ताओं ने भी उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके संघर्षों को याद किया।
