रांची

पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय फुटबॉल प्रतियोगिता: संबलपुर व रामेश्वरम विश्वविद्यालय की दमदार जीत

Ranchi : पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय फुटबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2025–26 के अंतर्गत आज खेले गए मुकाबलों में खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट तालमेल, अनुशासन और आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में जहां कुछ मैच एकतरफा रहे, वहीं कुछ मुकाबले अंत तक रोमांच से भरपूर नजर आए।

आज के प्रमुख मुकाबले में संबलपुर विश्वविद्यालय ने प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन करते हुए पाटलिपुत्रा विश्वविद्यालय को 3–0 से पराजित किया। संबलपुर की जीत में प्रदीप बरुआ, जगबंधु संता और महावीर खड़िया ने शानदार गोल दागकर टीम को निर्णायक बढ़त दिलाई। मैच के दौरान संबलपुर विश्वविद्यालय का आक्रमण लगातार दबाव बनाता रहा, जबकि रक्षा पंक्ति भी पूरी तरह मजबूत नजर आई।

एक अन्य मुकाबले में रामेश्वरम विश्वविद्यालय ने संतुलित आक्रमण और सुदृढ़ रक्षात्मक रणनीति के दम पर विश्व भारती विश्वविद्यालय को 2–0 से शिकस्त दी। रामेश्वरम की ओर से चंद्रमोहन नायक और प्रतीक रंजन नायक ने गोल कर टीम की जीत सुनिश्चित की।

इससे पहले खेले गए मुकाबलों में विनोबा भावे विश्वविद्यालय ने डी.एस.पी.एम. विश्वविद्यालय को 2–0 से हराया। वहीं कोल्हान विश्वविद्यालय ने आक्रामक खेल का शानदार प्रदर्शन करते हुए एम.एस.सी.बी. विश्वविद्यालय पर 9–0 की एकतरफा जीत दर्ज कर प्रतियोगिता में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की।

दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला उत्कल विश्वविद्यालय और बांकुरा विश्वविद्यालय के बीच खेला गया। निर्धारित समय तक दोनों टीमें बराबरी पर रहीं, जिसके बाद मैच का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। पेनल्टी में बांकुरा विश्वविद्यालय ने उत्कल विश्वविद्यालय को 6–4 से पराजित कर जीत अपने नाम की।

प्रतियोगिता में खिलाड़ियों का उत्साह, खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक स्तर दर्शकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहा। आयोजकों ने सभी विजेता टीमों को बधाई देते हुए आगे के मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *