69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन झारखंड के खाते में 2 स्वर्ण, 1 रजत
Ranchi : स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग अंतर्गत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद, रांची की मेजबानी में आयोजित 69वीं राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन झारखंड के तीरंदाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राज्य को गौरवान्वित किया। खेलगांव स्थित टिकैत उमराव शूटिंग स्टेडियम, रेंज–3 में आयोजित टीम इवेंट्स और इंडियन राउंड के मुकाबले पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ संपन्न हुए।
देश के विभिन्न राज्यों से आए प्रतिभाशाली तीरंदाजों ने अपनी सटीकता और तकनीकी कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। दूसरे दिन के मुकाबलों में झारखंड के खिलाड़ियों ने 2 स्वर्ण और 1 रजत पदक जीतकर अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
इंडियन राउंड ओवरऑल परिणाम
बालक वर्ग में छत्तीसगढ़ के विक्रम राज ने स्वर्ण पदक जीता, जबकि उड़ीसा के रोहित कुमार मरांडी को रजत और पंजाब के दिलप्रीत सिंह को कांस्य पदक मिला।
बालिका वर्ग में महाराष्ट्र की स्वरांजलि शंकर बनसुडे ने स्वर्ण, असम की हिमानी बसुमंत्रों ने रजत और छत्तीसगढ़ की स्वाती यादव ने कांस्य पदक हासिल किया।
टीम एवं मिक्स्ड टीम इवेंट्स
टीम इवेंट्स बालक वर्ग में झारखंड ने स्वर्ण पदक जीतकर सबका ध्यान खींचा, जबकि छत्तीसगढ़ को रजत और आंध्र प्रदेश को कांस्य पदक मिला। बालिका टीम इवेंट्स में झारखंड ने रजत पदक अपने नाम किया, वहीं असम को स्वर्ण और महाराष्ट्र को कांस्य पदक मिला।
इंडियन राउंड बालिका वर्ग में झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता।
पूरे आयोजन के दौरान खिलाड़ियों में अनुशासन, धैर्य और प्रतिस्पर्धात्मक भावना देखने को मिली। स्टेडियम में खेल प्रेमियों और प्रशिक्षकों की मौजूदगी से माहौल उत्साहपूर्ण रहा। आयोजकों ने सभी विजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
