Home

नामकुम थाना क्षेत्र में मादक पदार्थ तस्करी का भंडाफोड़, चार युवक गिरफ्तार

Ranchi : रांची के नामकुम थाना अंतर्गत बेलबगान स्थित राम हरि गार्डन के पास पुलिस ने मादक पदार्थ की तस्करी करने वाले चार युवकों को गिरफ्तार किया है। SSP राकेश रंजन को 6 जनवरी 2026 को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लड़के चारपहिया वाहनों में प्रतिबंधित मादक पदार्थ का अवैध लेन-देन कर रहे हैं। सूचना के आधार पर SSP  के निर्देशन में रूरल SP और वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक (मुहल्ला) के नेतृत्व में नामकुम थाना और सशस्त्र पुलिस बल को शामिल करते हुए छापामारी दल बनाया गया।

पुलिस टीम बेलबगान स्थित राम हरि गार्डन के पास पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी कर वहां मौजूद संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखी। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे, लेकिन टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए चार युवकों को पकड़ लिया। एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। गिरफ्तार युवकों की पहचान अमनदीप कुमार, अभिषेक कुमार उर्फ टाईगर/गोलू, हेमन्त गुड़िया और आयुष अनुज कुजूर के रूप में हुई। सभी अपने-अपने मूल जिलों से रांची में किराए पर रह रहे थे।

तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से कुल 17 पुड़िया ब्राउन शुगर और 24 पुड़िया गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा चारों के पास से एक सैमसंग और तीन आईफोन मोबाइल, दो कारें (CHEVROLET और KIA) और विभिन्न बैंकों के एटीएम कार्ड और चेक बुक भी जब्त किए गए।

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे एक अंतरराज्यीय सिंडिकेट का हिस्सा हैं, जो बिहार के सासाराम और गढ़वा जिलों से ब्राउन शुगर खरीदकर रांची में बेचते थे। हर पुड़िया की कीमत 500 रुपये थी और बिक्री ऑनलाइन पेमेंट और “ढेला” कोड शब्द के माध्यम से की जाती थी।

पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की आपराधिक पृष्ठभूमि की जांच जारी है और फरार आपूर्तिकर्ता की गिरफ्तारी के लिए छापामारी जारी है। इस कार्रवाई में वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक अमर कुमार पांडेय, नामकुम थाना प्रभारी मनोज कुमार और अन्य पुलिस अधिकारी शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *