बी.सी.सी.एल. इंटर एरिया क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ, बस्ताकोला व कोयला भवन ने दर्ज की जीत
धनबाद।
आज दिनांक 06 जनवरी 2026 को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम, जेलगोरा में बी.सी.सी.एल. इंटर एरिया क्रिकेट टूर्नामेंट का भव्य शुभारंभ हुआ। उद्घाटन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में बी.सी.सी.एल. के निदेशक (कार्मिक) श्री मुरली कृष्ण रामैया उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर प्रतियोगिता का औपचारिक उद्घाटन किया।
इस अवसर पर कोयला भवन वेलफेयर की एचओडी श्रीमती किरण रानी नायक, लोदना एरिया के महाप्रबंधक श्री अनिल कुमार, क्षेत्रीय मानव संसाधन अधिकारी श्री दीपक कुमार सिंह, श्री सौरव कुमार, श्री टी.के. रजक, श्री बी.एच. खान सहित अन्य गणमान्य अतिथि उपस्थित थे।
पहला मैच: बस्ताकोला एरिया ने कुसुंडा एरिया को 29 रनों से हराया
टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में कुसुंडा एरिया और बस्ताकोला एरिया की टीमें आमने-सामने रहीं। कुसुंडा एरिया ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया।
बस्ताकोला एरिया ने बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 10 विकेट खोकर 164 रन बनाए। इसमें सुचा सिंह ने 31 गेंदों में 45 रन, संकित सिंह ने 21 गेंदों में 35 रन तथा विक्रम पासवान ने 16 गेंदों में 20 रनों का योगदान दिया।
कुसुंडा एरिया की ओर से बाला प्रसाद पटेल ने 3 ओवर में 14 रन देकर 3 विकेट, शिवलाल हेम्ब्रम ने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट तथा प्रवीण कुमार शर्मा ने 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट झटके।
जवाबी पारी में कुसुंडा एरिया की टीम 20 ओवर में 3 विकेट पर 135 रन ही बना सकी। संजय सिंह ने 65 गेंदों में शानदार 87 रन बनाए, जबकि रंजीत चौहान ने 18 गेंदों में 14 रन और बाला प्रसाद पटेल ने 15 गेंदों में 14 रन जोड़े।
बस्ताकोला एरिया की ओर से सुरेश कुमार ने 2 ओवर में 16 रन देकर 1 विकेट लिया।
इस प्रकार बस्ताकोला एरिया ने यह मैच 29 रनों से जीत लिया।
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार बस्ताकोला एरिया के सुचा सिंह को उनकी 45 रनों की पारी के लिए मुख्य अतिथि श्री मुरली कृष्ण रामैया द्वारा प्रदान किया गया।
दूसरा मैच: कोयला भवन ने सी.भी. एरिया को 4 विकेट से हराया
दूसरा मुकाबला कोयला भवन और सी.भी. एरिया के बीच खेला गया। सी.भी. एरिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 16.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 112 रन बनाए।
सी.भी. एरिया की ओर से संतोष लाल और सायन मुखोपाध्याय ने 15-15 रन, जबकि दिलीप कुमार ने 13 रनों का योगदान दिया।
कोयला भवन की ओर से शिवानंद तिवारी ने 4 ओवर में 31 रन देकर 3 विकेट, मनीष कुमार ने 3 ओवर में 24 रन देकर 3 विकेट तथा अंजू कुमार ने 2.1 ओवर में 11 रन देकर 2 विकेट लिए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए कोयला भवन की टीम ने 16.3 ओवर में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। अनिल कुमार यादव ने 22 गेंदों में तेजतर्रार 40 रन बनाए, जबकि राकेश कुमार ने 16 गेंदों में 17 रन जोड़े।
सी.भी. एरिया की ओर से संतोष लाल ने 4 ओवर में 27 रन देकर 2 विकेट तथा चंद्रशेखर यादव ने 4 ओवर में 9 रन देकर 1 विकेट लिया।
मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार अनिल कुमार यादव को 40 रनों की शानदार पारी के लिए दिया गया।
