Home

लुढ़कती बस की चपेट में आई स्कूटी, 16 वर्षीय किशोरी की मौत

Jamshedpur : परसुडीह थाना क्षेत्र के बड़ी गोरा रेल फाटक पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रहारगोरा से साकची जा रही भोले शंकर बस पीछे खड़ी एक स्कूटी पर चढ़ गई, जिससे स्कूटी चला रही 16 वर्षीय अंजली कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेल फाटक बंद होने के कारण बस सड़क किनारे खड़ी थी। इसी दौरान बस चालक और खलासी चाय पीने चले गए। आरोप है कि बस में न हैंड ब्रेक लगाया गया था और न ही बैक गियर, जिसके चलते ढलान की ओर बस लुढ़कने लगी और सीधे पीछे खड़ी स्कूटी को चपेट में ले लिया। हादसा इतना अचानक हुआ कि किशोरी को बचने का मौका नहीं मिला।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतका के पिता ने बताया कि अंजली तीन बहनों में सबसे बड़ी थी और घर की जिम्मेदारियों में हाथ बंटाती थी। उसकी मौत से परिवार सदमे में है। परिजनों ने प्रशासन से मुआवजे और लापरवाह बस चालक व खलासी पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

स्थानीय लोगों का आक्रोश, सड़क जाम

घटना की खबर फैलते ही स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने बड़ी गोरा रेल फाटक पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर अक्सर लापरवाही से वाहन खड़े किए जाते हैं, लेकिन समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए जाते।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *