पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय फुटबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2025–26 का कल से होगा शुभारंभ
पूर्वी क्षेत्र अंतर विश्वविद्यालय फुटबॉल (पुरुष) प्रतियोगिता 2025–26 का भव्य शुभारंभ कल से होने जा रहा है। इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता की मेजबानी रांची विश्वविद्यालय, रांची द्वारा की जा रही है। प्रतियोगिता में पूर्वी क्षेत्र के विभिन्न राज्यों से 50 से अधिक विश्वविद्यालयों की फुटबॉल टीमें भाग ले रही हैं, जो अपने उत्कृष्ट खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगी।
यह प्रतियोगिता रांची शहर के तीन प्रमुख खेल मैदानों में आयोजित की जाएगी। मैच क्रमशः बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, खेलगांव स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तथा मदरा मुंडा फुटबॉल मैदान में खेले जाएंगे। प्रतियोगिता को सफल एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने हेतु सभी आवश्यक तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं।
इस संबंध में जानकारी देते हुए रांची विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स कोऑर्डिनेटर डॉ. राजेश गुप्ता ने बताया कि यह प्रतियोगिता विश्वविद्यालय स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। साथ ही, इससे झारखंड में खेल संस्कृति को नई दिशा और ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएँ देते हुए खेल प्रेमियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की.
