Home

लातेहार में भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार युवक की मौत

कार

तेज रफ्तार कार की टक्कर से गई जान, वाहन पलटा, चालक गंभीर घायल

लातेहार। लातेहार जिले के सदर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह हादसा एसआर पेट्रोल पंप के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार और लापरवाही से चल रही एक कार ने पीछे से बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। मृतक की पहचान मनिका थाना क्षेत्र के प्लहेया गांव निवासी 35 वर्षीय सनोज यादव के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, सनोज यादव लातेहार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार (नंबर JH 01 FZ 8548) ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सनोज यादव सड़क पर गिर पड़े और गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई, जिससे कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। घायल कार चालक को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में बाइक और कार दोनों को भारी नुकसान पहुंचा है।

स्थानीय लोगों और मृतक के परिजनों का आरोप है कि कार चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। घटना के बाद इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

सदर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए लातेहार सदर अस्पताल भेज दिया। साथ ही दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के बाद जिम्मेदार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है और परिजन गहरे सदमे में हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *