Home

धनबाद में तेज रफ्तार कार का कहर, युवक और महिला को कुचला

सड़क

बस का इंतजार कर रहे दो लोगों को कार ने मारी टक्कर, हालत नाजुक

धनबाद। धनबाद जिले के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित कार ने सड़क किनारे खड़े युवक और एक महिला को कुचल दिया। यह दर्दनाक हादसा सत्यम नगर स्थित धनबाद–बरवाअड्डा मुख्य सड़क पर उस समय हुआ, जब दोनों बस पकड़ने के लिए सड़क किनारे खड़े थे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए हैं और उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।

घायल युवक की पहचान 25 वर्षीय रफीक अंसारी के रूप में हुई है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार की रफ्तार काफी तेज थी। अचानक संतुलन बिगड़ने से कार सीधे सड़क किनारे खड़े युवक और महिला को अपनी चपेट में लेती हुई आगे बढ़ गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों कई फीट दूर जा गिरे। इसके बाद कार पास में लगे बिजली के पोल से टकरा गई, जिससे वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। एंबुलेंस बुलाकर दोनों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, दोनों की हालत गंभीर है और उन्हें विशेष निगरानी में रखा गया है।

सूचना मिलने पर बरवाअड्डा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त कार को जब्त कर लिया। कार का रजिस्ट्रेशन नंबर JH10CW-2386 बताया गया है। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आरोपी चालक की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

घायलों के परिजनों ने प्रशासन से दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग उठाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *