Home

ग्रामीण मजदूरों को मिलेगा 125 दिन का रोजगार, 2047 विकसित भारत की दिशा में मील का पत्थर : अन्नपूर्णा देवी
अन्नपूर्णां

गिरिडीह। केन्द्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि हाल ही में सम्पन्न संसद के शीतकालीन सत्र में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण विधेयक पारित किए गए हैं। इनमें ग्रामीण रोजगार गारंटी से संबंधित वीबीजी रामजी–2025 विधेयक भी शामिल है। इस नए कानून के तहत अब मजदूरों को पहले की तरह 100 दिन के बजाय 125 दिन का रोजगार प्रतिवर्ष मिलेगा, जिससे उनकी क्रय शक्ति में वृद्धि होगी।

बुधवार को गिरिडीह में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि इस योजना के अंतर्गत कार्य योजनाओं का चयन स्वयं ग्रामीण करेंगे, जिससे जमीनी स्तर पर रोजगार सृजन को मजबूती मिलेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग इस विधेयक को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं, जो पूरी तरह अनुचित है।

अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यह विधेयक 2047 विकसित भारत के लक्ष्य को साकार करने और ग्रामीण मजदूरों के हित में एक मील का पत्थर साबित होगा।

इस दौरान उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। केन्द्र सरकार द्वारा लगभग सभी क्षेत्रों में समावेशी विकास को ध्यान में रखते हुए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंच रहा है। इसके विपरीत, नेता प्रतिपक्ष द्वारा विदेशों में देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाले बयान दिए जाते हैं, जो एक जिम्मेदार पद के अनुरूप नहीं हैं।

केन्द्रीय मंत्री ने कहा कि केन्द्र सरकार जब भी जनमानस से जुड़ी कल्याणकारी योजनाएं लेकर आती है, तब उनका विरोध करना नेता प्रतिपक्ष की आदत बनती जा रही है।

अन्नपूर्णा देवी ने विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि उनके कार्यकाल में आजादी से पहले बने ब्रिटिश कालीन गिरिडीह रेलवे स्टेशन का कायाकल्प किया गया है। रेल सेवा के माध्यम से गिरिडीह को राज्य की राजधानी और देश की राजधानी से जोड़ा गया है। इसके अलावा पटना-कोलकाता रेल सेवा शुरू करने की प्रक्रिया भी प्रगति पर है।

उन्होंने यह भी जानकारी दी कि केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्री द्वारा गिरिडीह मेडिकल कॉलेज को पीपीपी मोड पर खोलने की स्वीकृति दे दी गई है, जिससे अब आगे की प्रक्रिया तेज गति से आगे बढ़ेगी।

प्रेस वार्ता के दौरान जिला प्रमुख महादेव दुबे, संदीप डंगैच, मुकेश जालान, दिलीप वर्मा सहित पार्टी के अन्य नेता उपस्थित थे।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *