डिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल ट्रॉफी में झारखंड ऑल ओवर चैंपियन
वुमेंस नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप में रांची की खिलाड़ियों ने जीते 11 स्वर्ण सहित 20 पद
Bokaro : झारखंड ताइक्वांडो संघ के तत्वावधान में बोकारो जिले के जीजीपीएस स्कूल परिसर में आयोजित 1st डिशोम गुरु शिबू सोरेन मेमोरियल ट्रॉफी वुमेंस नेशनल ताइक्वांडो चैंपियनशिप का सफल आयोजन 28 एवं 29 दिसंबर को किया गया। दो दिवसीय इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में झारखंड टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल ओवर चैंपियन टीम बनने का गौरव हासिल किया।
इस प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आईं लगभग 500 महिला ताइक्वांडो खिलाड़ियों ने भाग लिया। झारखंड टीम की ओर से रांची जिला ताइक्वांडो संघ के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए कुल 11 स्वर्ण, 6 रजत और 3 कांस्य पदक जीतकर राज्य का नाम रोशन किया।
रांची की खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन
रांची जिले की खिलाड़ियों ने हर वर्ग में उत्कृष्ट खेल कौशल, आत्मविश्वास और तकनीकी दक्षता का परिचय दिया। स्वर्ण पदक जीतने वाली खिलाड़ियों में
अनुष्का खलखो, लाडली पांडे, रिद्धिमा सिंह, सिया शुक्ला, प्रजना सिंह, भव्या कुमारी, तन्वी वत्स, सोनाक्षी महतो, अन्वी कौशिक, ऋद्धि सिंह एवं मन्या सिंह शामिल हैं।
रजत पदक विजेताओं में
सौम्या आनंद, नंदनी मोर्या, कल्पना महतो, आध्या लिया, संस्कृति गुरुंग एवं किरिपानी कच्छप ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
वहीं कांस्य पदक
रितिका कुमारी, आयशा ओरांव एवं प्रतिज्ञा सिंह ने जीतकर झारखंड टीम के पदक तालिका को और मजबूत किया।
टीम मैनेजमेंट व कोचिंग स्टाफ की अहम भूमिका
झारखंड टीम के साथ रांची जिला ताइक्वांडो संघ के सचिव मिथलेश कुमार सिंह टीम हेड के रूप में मौजूद रहे। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का मार्गदर्शन करने में कोच
अविनाश राम, चंदन कुमार, मिलेनियम सनेहल एवं अंकिता कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही। कोचों की रणनीति, निरंतर अभ्यास और अनुशासन का ही परिणाम रहा कि झारखंड टीम ने प्रतियोगिता में दबदबा बनाए रखा।
खिलाड़ियों की सफलता पर खुशी का माहौल
झारखंड टीम की इस ऐतिहासिक सफलता पर ताइक्वांडो संघ के पदाधिकारियों, कोचों एवं खेल प्रेमियों में हर्ष का माहौल है। संघ के अधिकारियों ने सभी खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि झारखंड में महिला ताइक्वांडो के उज्ज्वल भविष्य का संकेत है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी राज्य और देश का नाम रोशन करेंगी।
