48वीं सीनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता: रांची तैयार, 25 राज्यों की टीमें लेंगी भाग
रांची। झारखंड की राजधानी रांची स्थित हरिवंश टाना भगत इनडोर स्टेडियम, खेलगांव में आगामी 16 से 18 अगस्त 2025 तक आयोजित होने वाली 48वीं सीनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
झारखंड राज्य थ्रोबॉल संघ की ओर से आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के 25 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की टीमें भाग लेंगी।
इस संबंध में बुधवार को एक प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया, जिसमें संघ के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता, सचिव नगीना कुमार, आयोजन अध्यक्ष वेदांत कौस्तव, आयोजन सचिव जमील अंसारी और उपाध्यक्ष विजेता वर्मा ने संयुक्त रूप से मीडिया को जानकारी दी।
झारखंड बना मेजबान, तैयार है भव्य आयोजन के लिए
संघ के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि झारखंड को इस बार मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है, और हमारा लक्ष्य है कि प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर के मानकों के अनुरूप भव्य और सफलतापूर्वक आयोजित किया जाए।
उन्होंने बताया कि झारखंड पहले भी 2022 में 32वीं जूनियर राष्ट्रीय थ्रोबॉल प्रतियोगिता का सफल आयोजन कर चुका है।
इस आयोजन को सफल बनाने में झारखंड में कार्यरत कई प्रमुख संस्थाओं जैसे — सीसीएल, एनटीपीसी, गेल, सीएमपीडीआई, बीसीसीएल और जिंदल माइनिंग का भी सहयोग प्राप्त है।
इन राज्यों की टीमें लेंगी हिस्सा
प्रतियोगिता में भाग लेने वाले राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में शामिल हैं:
आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, असम, बिहार, चंडीगढ़, छत्तीसगढ़, दिल्ली, गुजरात, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, कर्नाटक, केरल, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, मुंबई, ओडिशा, पुडुचेरी, पंजाब, राजस्थान, तमिलनाडु, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल।
झारखंड की टीमें घोषित
प्रेस वार्ता के दौरान झारखंड राज्य की पुरुष और महिला टीमों की घोषणा भी की गई।
🔸 पुरुष टीम:
1. राकेश कुमार (कप्तान)
2. सुनील कुमार
3. अमरदीप कुमार
4. शाहिल लोहरा
5. सुमित कुमार
6. मोहम्मद रेहान
7. संजू महली
8. राहुल कुमार
9. सूरज कुमार
10. अंशुमान कुमार
11. बादशाह
12. पवन लोहरा
13. सुनील कुमार
14. राज लोहरा
15. करण लोहरा
कोच: संतोष कुमार
स्टैंडबाय: मनीष शर्मा, आकाश महतो, राहुल थापा
🔸 महिला टीम:
1. जेबा परवीन (कप्तान)
2. अरुणा यादव
3. अन्नु यादव
4. तमन्ना परवीन
5. सरस्वती उरांव
6. वर्षा कुमारी
7. निशा कुमारी
8. कौशल्या कुमारी
9. जीना कुमारी
10. परमिला सोरेन
11. मिलिता टुडू
12. सुनीता सोरेन
13. चुरमानी टुडू
14. ललिता बास्के
15. पूर्णिमा मुर्मू
कोच: मंजू कुमारी
स्टैंडबाय: पूजा कुमारी, मलावती टुडू, सबीता कुमारी
उच्चस्तरीय सुविधाएं, सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन
आयोजन अध्यक्ष वेदांत कौस्तव ने बताया कि प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए महीनों पहले से तैयारी की जा रही थी।
खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए उच्च गुणवत्ता वाला आवास, तीनों समय पौष्टिक भोजन, सुरक्षित परिवहन, चिकित्सा सुविधा, और आधुनिक इनडोर स्टेडियम की व्यवस्था की गई है।
स्टेडियम को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानकों के अनुसार सजाया-संवारा गया है, ताकि प्रतिभागियों को बेहतरीन अनुभव मिल सके।
आयोजन सचिव जमील अंसारी ने बताया कि, “टीमों के आगमन से लेकर प्रस्थान तक विस्तृत योजना तैयार की गई है। स्वयंसेवकों की टीम तैनात है और सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन से समन्वय किया गया है। हमारा प्रयास है कि प्रतिभागियों को कोई असुविधा न हो।”
संघ की उपाध्यक्ष विजेता वर्मा ने उम्मीद जताई कि झारखंड की टीमें इस बार शानदार प्रदर्शन करेंगी और पदक जीतेंगी।
