खेलसिमडेगा

लठ्ठाखम्हन में 37वीं नवयुवक संघ महिला-पुरुष हॉकी चैंपियनशिप का आगाज

सलीमा टेटे को पहली पहचान दिलाने वाले मैदान पर खिलाड़ियों ने दिखाई प्रतिभा

सिमडेगा : भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान, ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता सलीमा टेटे की प्रतिभा को पहली पहचान दिलाने वाले ऐतिहासिक लठ्ठाखम्हन खेल मैदान में शनिवार को 37वीं नवयुवक संघ महिला-पुरुष हॉकी चैंपियनशिप 2025 का भव्य शुभारंभ हुआ।

प्रतियोगिता का उद्घाटन ठेठईटांगर प्रखंड के जिप सदस्य अजय एक्का, प्रमुख बिपिन पंकज मिंज, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सह आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी, बसंत बा, मुकुट डुंगडुंग, इसहाक डुंगडुंग सहित अन्य अतिथियों ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया।

यह प्रतियोगिता 7 अक्टूबर से 12 अक्टूबर 2025 तक आयोजित की जा रही है। आयोजन समिति के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने बताया कि यह ऐतिहासिक चैंपियनशिप 1989 से लगातार, सिर्फ कोविड वर्ष को छोड़कर, हर वर्ष अक्टूबर माह के दूसरे सप्ताह में आयोजित होती आ रही है।

उद्घाटन मुकाबलों के नतीजे

पहले मैच में रुनगा ज्योति मार्ग क्लब (ओडिशा) ने कुडपानी नीम टोली को 5-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई।
दूसरे मैच में मेजबान लठ्ठाखम्हन टीम ने पुराना सामतोली को 2-1 से मात दी।

अतिथियों के विचार

जिप सदस्य अजय एक्का ने कहा, “यह प्रतियोगिता मेरे जन्म से पहले से आयोजित होती आ रही है, जो इसकी समृद्ध परंपरा को दर्शाता है। हॉकी सिमडेगा की पहचान है और यह खेल हमारे लिए सिर्फ मनोरंजन नहीं बल्कि रोजगार और सम्मान का माध्यम भी है।”

प्रमुख बिपिन पंकज मिंज ने कहा, “मैं कई वर्षों से इस प्रतियोगिता को देख रहा हूँ। यहाँ का खेल स्तर बहुत ऊँचा है। सिमडेगा की बेटी सलीमा टेटे आज भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान हैं, और उनकी शुरुआत भी इसी मैदान से हुई थी। ऐसे ग्रामीण आयोजनों से ही नए खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।”

हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष मनोज कोनबेगी ने बताया कि इस प्रतियोगिता में अब तक कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी अपनी प्रतिभा दिखा चुके हैं, जिनमें संगीता कुमारी, ब्यूटी डुंगडुंग, रजनी केरकेट्टा, रोपनी कुमारी, अलका डुंगडुंग और अभय एक्का प्रमुख हैं।

उन्होंने बताया कि वर्तमान एशिया हॉकी महासंघ के उपाध्यक्ष एवं हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह भी वर्ष 2014 में हॉकी झारखंड के अध्यक्ष बनने के बाद सबसे पहले इसी प्रतियोगिता में शामिल हुए थे।

आयोजन को सफल बनाने में बसंत बा, मुकुट डुंगडुंग, एक्शन कीड़ों, फ्रांसिस आइंड, अवतार डुंगडुंग, राजन डुंगडुंग, डेनियल सोरेंग, अभिजीत, खतिर, सुमन, अक्षय, शिवलन, सुबित, जॉनसन सहित पूरे गाँववासियों का सराहनीय योगदान रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *