Home

रांची में शुरू हुई 15वीं नेशनल सब-जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2025, 28 राज्यों की 540 खिलाड़ी ले रहीं हिस्सा

रांची : झारखंड की राजधानी रांची में बुधवार से 15वीं नेशनल सब-जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप 2025 की शानदार शुरुआत हुई। इस प्रतियोगिता का आयोजन 3 जुलाई से 14 जुलाई तक किया जा रहा है। मारंग गोमके जयपाल सिंह मुण्डा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी इस भव्य आयोजन का साक्षी बन रहा है।

देशभर के 28 राज्यों से आई 540 से अधिक महिला हॉकी खिलाड़ी इस चैंपियनशिप में भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता स्थल पर युवाओं में खेल भावना, उत्साह और जोश का अद्भुत नजारा देखने को मिल रहा है।


खेल मंत्री ने किया उद्घाटन, झारखंड को बताया हॉकी की धरती

उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि झारखंड के खेल मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि “हॉकी, झारखंड की पहचान और गौरव है। यह टूर्नामेंट युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और भविष्य की राह बनाने का एक सुनहरा अवसर है।”

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार खेल के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने, अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराने और खिलाड़ियों के प्रशिक्षण में निरंतर निवेश कर रही है।


झारखंड की अपनी स्वतंत्र हॉकी टीम की तैयारी

खेल मंत्री ने एक और महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए बताया कि झारखंड जल्द ही अपनी स्वतंत्र हॉकी टीम बनाएगा, जो अब अन्य राज्यों के लिए नहीं खेलेगी। इसके लिए योजनाएं अंतिम चरण में हैं और जल्द ही इन्हें धरातल पर उतारा जाएगा। यह राज्य के होनहार खिलाड़ियों को अपने राज्य के लिए खेलने का विशेष मंच प्रदान करेगा


देशभर से आई टीमें बना रहीं आयोजन को ऐतिहासिक

इस प्रतियोगिता में झारखंड, तेलंगाना, बिहार, जम्मू-कश्मीर, पुदुचेरी, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, हरियाणा, ओडिशा, असम, मणिपुर सहित कुल 28 राज्यों की टीमें भाग ले रही हैं। सब-जूनियर आयु वर्ग की यह राष्ट्रीय चैंपियनशिप उन खिलाड़ियों के लिए एक कैरियर लॉन्चपैड मानी जा रही है, जो भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलना चाहती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *