खेलरांची

खेलगांव में वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आगाज

48 टीमें ले रही हैं हिस्सा, पहले ही दिन हुए रोमांचक मुकाबले

रांची :
स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग के तहत झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद द्वारा आयोजित तीन दिवसीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ गुरुवार को खेलगांव स्थित हरिवंश ताना भगत इनडोर स्टेडियम में किया गया। इस प्रतियोगिता में राज्य के विभिन्न जिलों की कुल 48 टीमें भाग ले रही हैं, जो अंडर-17 और अंडर-19 बालक/बालिका वर्ग में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं।

मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड स्टेट स्पोर्ट्स प्रमोशन सोसाइटी, रांची के मुख्य कार्यकारिणी पदाधिकारी नवीन कुमार झा मौजूद रहे। विशिष्ट अतिथियों में वॉलीबॉल महासंघ झारखंड के सीईओ निशिकांत पाठक, एलएमसी सदस्य श्रीकांत पुरवार, सोसाइटी की सदस्य पुष्पा हांसदा और महासंघ के सचिव उत्तम राज शामिल थे। सभी का स्वागत राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी सह नोडल अधिकारी धीरसेन ए सोरेंग ने पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र देकर किया।

“खेल को करियर बनाने की राह खुली”

मुख्य अतिथि नवीन कुमार झा ने कहा कि पहले खेलों को लेकर जागरूकता कम थी, लेकिन आज की पीढ़ी खेलों को करियर के रूप में देख रही है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित यह प्रतियोगिता युवाओं को बड़ा मंच प्रदान कर रही है।

वॉलीबॉल महासंघ के सीईओ निशिकांत पाठक ने खिलाड़ियों को जीत की शुभकामनाएं दीं, वहीं एलएमसी सदस्य श्रीकांत पुरवार ने कहा कि विद्यालय स्तर से खेल प्रतिभा को तराशने का यह प्रयास झारखंड को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाएगा।

“खेलेंगे, पढ़ेंगे और बढ़ेंगे”

राज्य कार्यक्रम पदाधिकारी ने स्वागत संबोधन में कहा कि “खेलो झारखंड” का स्लोगन सिर्फ एक नारा नहीं, बल्कि नई सोच और दिशा का प्रतीक है। राज्य के छात्र अब पढ़ाई के साथ खेलों में भी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल कर रहे हैं।

पहले दिन के नतीजे

प्रतियोगिता के पहले दिन कई रोमांचक मुकाबले हुए।

  • अंडर-17 बालक वर्ग : रांची, गिरिडीह, कोडरमा, साहिबगंज और हजारीबाग ने अपने-अपने मुकाबले जीते।
  • अंडर-19 बालक वर्ग : सिमडेगा, पश्चिमी सिंहभूम, दुमका, देवघर, धनबाद और जामताड़ा ने अगला दौर पक्का किया।
  • अंडर-17 बालिका वर्ग : पाकुड़, गुमला, हजारीबाग और रांची विजेता रहे, जबकि साहिबगंज को वॉकओवर मिला।
  • अंडर-19 बालिका वर्ग : पलामू, हजारीबाग, बोकारो और गोड्डा की टीमों ने जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई।

सबकी रही अहम भूमिका

पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में राज्य खेल कोषांग के सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता 27 सितंबर तक चलेगी।


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *